ब्राउन शुगर मामले में 13 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ब्राउन शुगर के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो. ईमरान (46) को गिरफ्तार कर लिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 29 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में गठित टीम ने जुगसलाई फाटक के पास छापेमारी कर उसे दबोचा। मो. ईमरान जुगसलाई थाना कांड संख्या 21/2025 में वांछित था, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वह पिछले लगभग 13 महीनों से फरार चल रहा था।
इस मामले में पुलिस पहले ही 143 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मुख्य आरोपी अब्दुल हामिद समेत 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। इसके अलावा, दो अन्य आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किए जाने के बाद इस कांड में रिमांड पर लिया गया था। अब तक कुल 17 आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।
पूरक अनुसंधान के दौरान मो. ईमरान ही इस मामले का एकमात्र फरार आरोपी बचा था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस कांड के सभी आरोपियों को कानून के दायरे में ला दिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

