चाईबासा गोइलकेरा से बड़ी खबर: मुठभेड़ में एक लाख का इनामी नक्सली ढेर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संगाजटा सासंग साल गांव निवासी कुख्यात नक्सली इजराइल पूर्ति मुठभेड़ में मारा गया है। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सलियों की गतिविधि देखी गई है। इसी आधार पर अभियान चलाते हुए जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में इजराइल पूर्ति मारा गया।
बताया जा रहा है कि इजराइल पूर्ति कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था और सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में था। उसके मारे जाने से नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की भी सूचना है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है, ताकि अन्य नक्सलियों की भी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस सफलता को बड़ी उपलब्धि मान रही हैं।

