बिरसानगर में हथियार के साथ अपराध की तैयारी करते युवक गिरफ्तार देशी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और मोबाइल बरामद, लूट की घटना में संलिप्तता स्वीकार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी करते हुए गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय सिंह उर्फ अजय बाल्मिकी उर्फ मोटा (29 वर्ष), पिता परवीन कुमार, निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह पहले सरायकेला स्थित एक होटल में काम करता था और लूट व डकैती की घटनाओं में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर 2025 को परसुडीह थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कार्यालय में हथियार के बल पर की गई लूट की घटना में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आई है। लूट की रकम से उसने मोबाइल खरीदा था।
सिटी एसपी ने बताया कि अजय सिंह का आपराधिक इतिहास लंबा है और वह बागबेडा तथा बिरसानगर थाना क्षेत्र के मामलों में पहले भी सजायाफ्ता रह चुका है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हुरलुंग क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें

