स्कूटी रैली निकालकर महिलाओं ने दिया नारी शक्ति का संदेश नशा मुक्त व बाल विवाह मुक्त झारखंड बनाने की ली शपथ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर आज समाहरणालय से 200 से अधिक महिलाओं ने स्कूटी रैली निकलकर नारी शक्ति का संदेश दिया। साथ ही नशा मुक्त व बाल विवाह मुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लिया। रैली को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली समाहरणालय से सिटी सेंटर होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची।
रैली को रवाना करने के बाद उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस नारी के अधिकारों, समानता तथा उनके सामाजिक, आर्थिक योगदान के सम्मान और सशक्तिकरण का वैश्विक प्रतीक बन गया है। आज हर क्षेत्र में महिलाओं का संघर्ष, उनकी उपलब्धियां, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक सहित अन्य क्षेत्र में उनके योगदान को पहचान मिली है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में भी महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चल रही है। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए स्वयं सहायता समूह बनाकर उनको प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं बेलगड़िया में 80-80 महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें मशरूम की खेती, बांस व जुट की सामग्री बनाने सहित अन्य क्षेत्र में हुनरमंद बनाया जा रहा है।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों के बराबर योगदान दे रही है। महिला सशक्त होगी तो परिवार तथा समाज सशक्त बनेगा।

