खरकई पुल से युवती ने लगाई छलांग, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करने वालों को सम्मानित करेगी आदित्यपुर पुलिस
सरायकेला।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने खरकई पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवती को बचाए जाने के बाद पुलिस उसे अपने साथ आदित्यपुर थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है। उसने किन परिस्थितियों में पुल से छलांग लगाई और इसके पीछे क्या वजह रही, इस संबंध में भी अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाले लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में स्थानीय लोगों ने तत्परता और सहयोग का परिचय दिया, जिससे युवती की जान बचाने में मदद मिली। थाना प्रभारी ने रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की है।
फिलहाल पुलिस युवती की पहचान सुनिश्चित करने और उसके पुल से छलांग लगाने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि युवती किन परिस्थितियों से गुजर रही थी।