आदरडीह जंगल में जंगली हाथी का हमला, ग्रामीण घायल; इलाके में दहशत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल ईचागढ़ थाना क्षेत्र के आदरडीह गांव में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान आदरडीह गांव निवासी अमूल्य महतो के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि गुरुवार करीब 12 बजे अमूल्य महतो किसी काम से जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद जंगली हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें हाथी के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पातकुम अस्पताल पहुंचाया।
पातकुम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार आदरडीह जंगल में फिलहाल दो जंगली हाथियों की मौजूदगी है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने की मांग की है।

