राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने शनिवार को उच्च विद्यालय हुड़ंगदा का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही पात्र विद्यार्थियों को फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि 08 और 09 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। पात्र युवा इन शिविरों में बीएलओ के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं।

