विक्रम शर्मा हत्याकांड: देहरादून पुलिस ने जमशेदपुर में फरार आरोपियों के घरों पर की कुर्की-जब्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
देहरादून में चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड के फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए उत्तराखंड पुलिस ने जमशेदपुर में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर देहरादून पुलिस ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र के एक लाख रुपये के इनामी आरोपी आकाश प्रसाद के घर पर कुर्की की। वहीं जुगसलाई थाना पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी विशाल सिंह के जुगसलाई गौशाला नाला रोड स्थित किराए के आवास की भी तलाशी लेकर वहां मौजूद सामान की सूची तैयार कर उसे जब्त किया गया।
विशाल सिंह के घर पर ताला बंद मिलने के बाद मकान मालिक की मौजूदगी में घर खोला गया। जब्त सामान को सूचीबद्ध कर मकान मालिक की निगरानी में सीलबंद कर सुरक्षित रखा गया। देहरादून से आई चार सदस्यीय पुलिस टीम ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों आशुतोष कुमार सिंह और जितेंद्र कुमार साहू के जमशेदपुर स्थित घरों पर भी जल्द कुर्की-जब्ती की जाएगी, ताकि उन पर आत्मसमर्पण का दबाव बनाया जा सके।

