सांसद बिद्युत बरण महतो की पहल से 11 वर्षीय रेवती का निःशुल्क सफल ऑपरेशन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा। मौदा गांव निवासी विनोद कुमार राणा की 11 वर्षीय पुत्री रेवती राणा के मुंह में ट्यूमर होने पर परिवार आर्थिक संकट में था। निजी अस्पताल में ऑपरेशन के लिए करीब 50 हजार रुपये का खर्च बताया गया था।
परिजनों ने अपनी समस्या सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि के समक्ष रखी, जिसके बाद उन्होंने सांसद बिद्युत बरण महतो को जानकारी दी। सांसद ने कोलकाता के बजबज स्थित जगन्नाथ गुप्ता मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के प्रबंधन व विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क कर बच्ची के निःशुल्क उपचार और ऑपरेशन की व्यवस्था कराई।
गत सोमवार को रेवती का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सफल ऑपरेशन किया। उसकी स्थिति स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। बेटी के सफल उपचार पर परिजनों ने सांसद बिद्युत बरण महतो और सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि के प्रति आभार जताया।

