निखार सबलोक हत्याकांड के बाद आसनबनी में पसरा सन्नाटा, जाताल बाबा स्थल विवाद की जांच तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
संजय शर्मा
चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के 10 माइल स्थित निखार सबलोक हत्याकांड के बाद आसनबनी स्थित जाताल बाबा पूजा स्थल और आसपास के पहाड़िया बस्ती में तनाव व दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जबकि चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड की जांच जारी है और कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी* ने बताया कि निखार सबलोक हत्याकांड में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
जाताल बाबा स्थल विवाद की भी जांच के घेरे में आने की चर्चा
आसनबनी के जाताल बाबा पूजा स्थल से जुड़ा भूमि व अतिक्रमण विवाद लंबे समय से चर्चा में रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2012 से विवाद चला आ रहा है। 29 जुलाई 2025 को भी पूजा स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। अब निखार सबलोक हत्याकांड के बाद इस पुराने विवाद और कथित भूमि सौदे को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि पूजा स्थल से जुड़ी जमीन पर कथित रूप से भूमाफिया और दलालों की सक्रियता बढ़ी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विवादित जमीन में पहाड़िया परिवार की करीब 3.5 एकड़ भूमि भी शामिल है। जमीन की कीमत को लेकर करोड़ों रुपये की चर्चा है, लेकिन वास्तविक बाजार मूल्य और कथित सौदे की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।

पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए चार लोग
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने आदिम जनजाति समुदाय से जुड़े नेता सुक लाल पहाड़िया समेत कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इनमें गुरचरण कर्मकार, मनमन सिंह, संतोष प्रमाणिक और जीवन देव सिंह के नाम भी चर्चा में हैं। इसके अलावे सत्तापक्ष कांग्रेस झामुमो नेता सहित पंचायत जनपतिनिधि ऐसे कई नाम है जो क्या जाँच के दायरे में आएंगे या लीपापोती होगी हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक रूप से सभी नामों की पुष्टि नहीं की है। मनमन सिंह को पूछताछ के बाद छोड़े जाने की भी चर्चा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हत्याकांड के बाद आसनबनी क्षेत्र में लोग खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं। पहाड़िया परिवार के बीच भी भय का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ परिवार रात के समय सुरक्षा को लेकर घर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भूमाफिया-अपराधी गठजोड़ के आरोपों ने बढ़ाई चिंता
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि जमीन विवाद के पीछे कथित तौर पर भूमाफिया, बिचौलियों और आपराधिक तत्वों का गठजोड़ सक्रिय है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि हत्याकांड से पहले कुछ संदिग्ध लोगों की मृतक के साथ लगातार बैठकें होती थीं। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि निखार सबलोक की हत्या का जमीन विवाद से कोई सीधा संबंध है या नहीं।
पूर्व में भी एक वर्ष के भीतर चांडिल और आसपास के इलाकों में कई गोलीकांड की घटनाएं सामने आती रही हैं।
दो जिलों की पुलिस की नजर, अब आगे की जांच पर टिकी निगाहें
निखार सबलोक हत्याकांड के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पूर्वी सिंहभूम की सीमा से सटे चांडिल क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की आवाजाही को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और क्या इसका जाताल बाबा पूजा स्थल से जुड़े भूमि विवाद से कोई संबंध है।

