28 फरवरी को ‘सुरभि’ का अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन, संतोष आनंद सहित दिग्गज कवि होंगे शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 24 फरवरी 2026: नगर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘सुरभि’ द्वारा 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को श्रीमती कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल, बिष्टुपुर में संध्या 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के ख्यातिप्राप्त हास्य-व्यंग्य, ओज एवं श्रृंगार विधा के कवि-कवयित्री शिरकत करेंगे।
संस्था के अध्यक्ष गोविन्द दोदराजका (अग्रवाल) ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे। सम्मेलन में सुप्रसिद्ध गीतकार संतोष आनंद मुख्य आकर्षण होंगे, जिन्होंने ‘इक प्यार का नगमा है’ सहित कई चर्चित फिल्मी गीत लिखे हैं और अनेक फिल्मफेयर पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
इसके अलावा डॉ. आदित्य जैन (कोटा), मुन्ना बैटरी (मंदसौर), हिमांशु बवंडर (उज्जैन), चेतन चर्चित (इंदौर), शशि श्रेया (लखनऊ) एवं श्रद्धा शौर्य (नागपुर) अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य जैन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘सुरभि’ पिछले 25 वर्षों से होली के अवसर पर भव्य कवि सम्मेलन आयोजित करती आ रही है। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क है, किंतु आमंत्रण-पत्र अनिवार्य है। आमंत्रण-पत्र के लिए ‘सुरभि’ कार्यालय, 3/6 एच.एस. टावर, एल रोड, बिष्टुपुर से संपर्क किया जा सकता है।

