जमशेदपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 21 बाइक-स्कूटी बरामद, 8 गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की 21 बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर उनकी नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन नंबर बदलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों तथा ओडिशा के विभिन्न गांवों में बेचते थे।

पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी और डीएसपी सीसीआर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पीएम मॉल के पास छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में स्कूटी चोरी की होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल 21 बाइक और स्कूटी बरामद की गईं। कार्रवाई में वाहन चोरी से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में पुलिस को पता चला कि गिरोह बिष्टुपुर क्षेत्र के जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल, नॉर्थ पार्किंग एरिया समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन नंबर बदल दिए जाते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को ग्रामीण इलाकों और ओडिशा के विभिन्न गांवों में बेच दिया जाता था।
पुलिस बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर का सत्यापन कर रही है। साथ ही चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और गिरोह के व्यापक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई लंबित मामलों का खुलासा हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार उर्फ गोलू, मुनीराम मुर्मू, कारू मार्डी, विक्रांत साहनी, विक्रम साहनी, अशोक पात्रो, पेलाराम सरदार और काशीनाथ सरदार शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

