चाईबासा भाजपा जिला कार्यालय में सह प्रभारी कुलवंत सिंह बंटी की उपस्थिति में मनाया गया वीर बाल दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम में आज जिला अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में वीर बाल दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर से पधारे भाजपा के सह प्रभारी कुलवंत सिंह बंटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलवंत सिंह बंटी ने साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका त्याग सदियों तक राष्ट्र की आत्मा को दिशा देता रहेगा। वीर बाल दिवस हमें साहस, धर्म और त्याग जैसे मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 9 जनवरी 2022 को अधिसूचना जारी कर 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई थी, जबकि सिख समाज 20 से 27 दिसंबर तक शहीदी सप्ताह के रूप में मनाता है।
जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि वीर बाल दिवस आदर्शों और संस्कारों के संरक्षण का संकल्प लेने का दिन है। भाजपा बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम, त्याग और मर्यादा के संस्कार मजबूत करने के लिए सतत प्रयासरत है। वहीं वक्ता अनूप सुल्तानिया ने कहा कि यह दिवस केवल स्मरण का नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की ज्योति प्रज्वलित करने का अवसर है।
कार्यक्रम में चंद्र मोहन तियू, राकेश पोद्दार, रंजन प्रसाद, रितेश कुमार, पिंटू, जय किशन बिरुली, राजश्री बानरा, रूपा दास, अजय झा, अंगद साव, अनंत सयनम, दिलीप साव, वीरेंद्र कुमार, जगदीश निषाद, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

