जमशेदपुर में छेड़खानी के विरोध पर बवाल, जुगसलाई के नया बाजार में दो पक्षों में तनाव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत नया बाजार मुहल्ला में मंगलवार को छेड़खानी की घटना के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नया बाजार क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती के साथ कथित छेड़छाड़ की गई। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। युवती के साथ हुई इस हरकत का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद आरोपित युवक की पिटाई कर दी गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोग आक्रोशित हो उठे और विरोध स्वरूप कुछ घरों पर हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। घायल युवक का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

