जामताड़ा सदर अस्पताल में अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन शुरू, मरीजों को मिलेगी बेहतर जांच सुविधा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: सदर अस्पताल में अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन का शुभारंभ किया गया, जिससे अब जिले के मरीजों को जांच के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस नई सुविधा के शुरू होने से अस्पताल में ही त्वरित और बेहतर जांच उपलब्ध हो सकेगी।
शुभारंभ के बाद उपायुक्त रवि आनंद ने मशीन के संचालन और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचे, इसे सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही मशीन का नियमित और सुचारु संचालन बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ अवधेश्वरी प्रसाद नारायण देव ने बताया कि पहले अल्ट्रासाउंड सेवा बाहरी एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन अब यह सेवा सीधे अस्पताल प्रबंधन द्वारा संचालित की जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से चिकित्सक और स्टाफ की तैनाती की गई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गर्भवती महिलाओं और आयुष्मान भारत योजना के तहत आने वाले मरीजों को यह जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस नई पहल से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

