हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ टेल्को में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ, टेल्को के प्रांगण में मंगलवार को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के सचिव वृंदावन साहू, कोषाध्यक्ष शिवानी वर्मा, प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी एवं उप-प्राचार्य मंजू कुमारी ने संयुक्त रूप से मशाल प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक ड्रिल डांस से हुई। इसके बाद प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के बीच बैलेंस रेस, रेडी फॉर स्कूल, कंगारू दौड़, मेंढक दौड़, बैलून रेस, 100 मीटर, 150 मीटर व 200 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने कहा कि वार्षिक खेलकूद का उद्देश्य विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास करना तथा उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना है। सचिव वृंदावन साहू व कोषाध्यक्ष शिवानी वर्मा ने भी ऐसे आयोजनों को बच्चों में टीम भावना और प्रतियोगी सोच विकसित करने वाला बताया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका निक्की श्वेता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप-प्राचार्य मंजू कुमारी ने दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

