दो साल से फरार ब्राउन शुगर के दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
*आदित्यपुर की एच रोड मुस्लिम बस्ती से अशरफ और शहनाज गिरफ्तार, भेजे गए जेल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आदित्यपुर पुलिस की कार्रवाई में दो साल से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों ब्राउन शुगर के कथित कारोबार से जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एच रोड मुस्लिम बस्ती निवासी अशरफ अली और शहनाज परवीन उर्फ बड़ा प्राचीन शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित मामला दर्ज है और वे लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। एसपी के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को दोनों के ठिकाने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के संपर्कों और कथित ड्रग नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के जरिए नशीले पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

