टुसू मेला: सांसद बिद्युत बरण महतो ने तैयारियों का लिया जायजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने झारखंडवासी एकता मंच द्वारा आयोजित होने वाले विशाल टुसू मेला की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को बिष्टूपुर स्थित रीगल मैदान का दौरा किया। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
सांसद ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले लोग बिना किसी परेशानी के उत्सव का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि टुसू मेला झारखंड की संस्कृति, परंपरा और पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
निरीक्षण के दौरान सांसद महतो ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचें और इस पारंपरिक उत्सव को सफल बनाएं।


