दोस्तों पर भरोसा पड़ा भारी, नशे के ओवरडोज से 20 वर्षीय अमन की मौत
राष्ट्र संवाद संवाददाता इंद्र यादव
मुंबई: मलाड के कुरार गांव और अप्पापाड़ा इलाके में नशे से जुड़ी एक दर्दनाक घटना ने मुंबई में बढ़ते ड्रग्स के खतरे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 20 वर्षीय अमन सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि उसके चार दोस्तों ने उसे बहाने से बीएमसी गार्डन ले जाकर नशे का इंजेक्शन दिया, जिसके ओवरडोज से उसकी हालत बिगड़ गई।
आरोप है कि अमन के तड़पने के दौरान उसके दोस्त उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। फॉरेंसिक टीम को मौके से खाली इंजेक्शन की बोतलें और नशे से जुड़ी सामग्री मिली है।
पुलिस मामले की जांच हत्या और नशीले पदार्थों से जुड़े एंगल से कर रही है। घटना ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और शहर में ड्रग्स की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

