
*विश्वास में दी पार्किंग की जगह और चाबी, कार लेकर परिवार चंपत
*नई ग्रैंड विटारा लेकर किराये का फ्लैट छोड़ने की शिकायत; आदित्यपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच में जुटी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
बड़ा गम्हरिया के बागानपाड़ा निवासी अनंत दास ने विनायक गार्डन निवासी अभिजीत पाल उर्फ सुंदर पाल, उसकी पत्नी कुमकुम पाल और पिता विश्वनाथ पाल पर धोखाधड़ी कर उनकी नई कार लेकर गायब होने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, अनंत दास ने हाल ही में नई ग्रैंड विटारा कार खरीदी थी। कार को गंदगी से बचाने और सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उन्होंने उसे अभिजीत पाल के पार्किंग स्थल पर खड़ा किया था। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान होने के कारण उन्होंने विश्वास में कार की चाबी भी अभिजीत के पास छोड़ दी थी।
कुछ दिनों बाद जब अनंत दास को कार की जरूरत पड़ी तो उन्होंने अभिजीत पाल से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद विनायक गार्डन के अन्य फ्लैटवासियों से पूछताछ करने पर पता चला कि अभिजीत पाल किराये का फ्लैट छोड़कर परिवार समेत कहीं चला गया है और कार भी अपने साथ ले गया है।
अनंत दास ने अभिजीत, उसकी पत्नी और पिता से संपर्क कर कार के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने पुलिस से कार बरामद करने और शिकायत में नामजद तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

