महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं. घायलों में चार से पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसा धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 पर हुआ. जानकारी के मुताबिक, पिकअप वैन में सवार श्रद्धालु बुलढाणा जिले के शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ट्रक और पिकअप वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तत्काल धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, चार से पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हादसे की जानकारी मिलते ही अमरावती ग्रामीण के एसपी निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है. समृद्धि महामार्ग पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार को ले

