12 फरवरी की देशव्यापी आम हड़ताल को लेकर कोल्हान में ट्रेड यूनियनों की तैयारी तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में कोल्हान क्षेत्र की ट्रेड यूनियनें पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच और स्वतंत्र क्षेत्रीय महासंघों के आह्वान पर होने वाली इस हड़ताल को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
संयुक्त मंच के प्रतिनिधि अंबुज ठाकुर ने बताया कि यह आम हड़ताल श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं (लेबर कोड), जनविरोधी कानूनों, आजीविका और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हो रहे हमलों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों तथा अनियंत्रित निजीकरण के विरोध में आयोजित की जा रही है।
हड़ताल को संयुक्त किसान मोर्चा और खेतिहर मजदूर संगठनों का भी पूर्ण समर्थन मिला है। झारखंड के प्रमुख औद्योगिक केंद्र कोल्हान क्षेत्र में विभिन्न उद्योगों से जुड़े मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं।
इसी क्रम में आयोजित बैठकों में हड़ताल की स्थानीय रूपरेखा और कोल्हान क्षेत्र की व्यापक भागीदारी पर चर्चा की गई। इस दौरान CITU, AITUC समेत बैंक, बीमा और सरकारी कर्मचारियों की स्वतंत्र यूनियनों के प्रतिनिधि मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

