दुर्गा पूजा पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम: सिविल ड्रेस में महिला जवान तैनात, हाई-स्पीड बाइक पर टैगो जवान करेंगे गश्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। पुलिस प्रशासन ने इस बार खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस करते हुए रणनीति तैयार की है। प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास सिविल ड्रेस में महिला पुलिस जवानों की तैनाती होगी, जो भीड़ में छेड़खानी व असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में टैगो जवान हाई-स्पीड मोटरसाइकिल पर गश्त करेंगे, ताकि किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। भीड़भाड़ वाले पंडालों, चौराहों और बाजारों में महिला सुरक्षा बल की सक्रिय मौजूदगी रहेगी। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं होगा। सीसीटीवी निगरानी, क्विक रिस्पॉन्स टीम, लगातार पेट्रोलिंग और ट्रैफिक नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई है। हर थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

