उपायुक्त की अध्यक्षता में सीएसआर समीक्षा बैठक, शिक्षा-स्वास्थ्य व आजीविका संवर्धन पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित और प्रस्तावित सीएसआर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और कौशल विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर केवल औपचारिकता नहीं बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कंपनियों को निर्देश दिया कि सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लर्निंग, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक भ्रमण को प्राथमिकता दें। स्वास्थ्य क्षेत्र में मिर्गी मरीजों की जांच-उपचार, पोषण कार्यक्रम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा मानसिक रूप से दिव्यांगों के लिए विशेष सहयोग पर बल दिया।
आजीविका संवर्धन के तहत महिला समूहों को बढ़ावा देने, कृषि आधारित गतिविधियों, स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही गई। उपायुक्त ने कंपनियों से प्रोजेक्ट्स की नियमित प्रगति रिपोर्ट साझा करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक परियोजनाओं का विस्तार करने पर जोर दिया।

