राम नवमी पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन से निगरानी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: राम नवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से फ्लैग मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा का संदेश देगा।
फ्लैग मार्च से पहले सिटी एसपी ने जवानों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहें और विसर्जन के बाद ही अपने प्रतिनियुक्ति स्थल से लौटें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के हर कोने पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

शहर में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए छह विशेष बाइक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है, जो डीएसपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में लगातार गश्त कर रही हैं। साथ ही ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर रास्तों से पत्थर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री हटाई जा रही है। संवेदनशील इलाकों में एसएसबी की तैनाती के साथ अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। डीआईजी स्तर की क्विक रिस्पांस टीम (QRT), झारखंड जगुआर और रैपिड एक्शन पुलिस (RAP) को भी अलर्ट पर रखा गया है।
इसके अलावा सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। सिटी एसपी ने चेतावनी दी कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम लोगों से अपील की कि वे पर्व को शांतिपूर्वक और भाईचारे के साथ मनाएं।

