तीन साल के आर्यन का अपहरण, छह घंटे में खड़गपुर से सकुशल बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी सेवा आश्रम से अपहृत तीन वर्षीय आर्यन महानंद को पुलिस ने महज छह घंटे में पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से खड़गपुर स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया।
मामले में कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती निवासी 42 वर्षीय असलम खान को गिरफ्तार किया गया है। सिटी डीएसपी संजीव कुमार के अनुसार, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए खड़गपुर तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी बताया गया है। प्रारंभिक जांच में बच्चे को मुंबई ले जाकर बेचने की आशंका सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

