चांडिल
सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डोबो ईंट भट्ठा के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया.
राष्ट्र संवाद संवाददाता
शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में युवक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है. घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंक दिया गया, ताकि पहचान और साक्ष्य छिपाए जा सकें. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी लेने और संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तरह- तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

