Close Menu
Rashtra SamvadRashtra Samvad
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • होम
    • राष्ट्रीय
    • अन्तर्राष्ट्रीय
    • राज्यों से
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
      • ओड़िशा
    • संपादकीय
      • मेहमान का पन्ना
      • साहित्य
      • खबरीलाल
    • खेल
    • वीडियो
    • ईपेपर
    Topics:
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Home » हिंदी एवं अन्य भाषाओं में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं हो सकती, वे सखियां हैं: शाह
    Headlines राजनीति राष्ट्रीय

    हिंदी एवं अन्य भाषाओं में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं हो सकती, वे सखियां हैं: शाह

    Devanand SinghBy Devanand SinghSeptember 14, 2024No Comments6 Mins Read
    Share Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Share
    Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link

     

    हिंदी एवं अन्य भाषाओं में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं हो सकती, वे सखियां हैं: शाह

    नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि राजभाषा हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं के बीच कभी कोई प्रतिस्पर्धा नहीं हो सकती, क्योंकि वे सखियां हैं और एक-दूसरे की पूरक हैं।

    शाह ने हिंदी दिवस के अवसर पर चौथे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रचार-प्रसार तब तक नहीं हो सकता जब तक अन्य सभी भारतीय भाषाओं को मजबूत नहीं किया जाता और राजभाषा उन सभी के साथ संवाद स्थापित नहीं करती।

     

     

    उन्होंने कहा, ‘‘हिंदी और स्थानीय भाषाओं के बीच कभी प्रतिस्पर्धा नहीं हो सकती क्योंकि हिंदी सभी स्थानीय भाषाओं की सखी है। हिंदी और सभी स्थानीय भाषाएं एक-दूसरे की पूरक हैं, इसलिए उनके बीच का रिश्ता और मजबूत किया जाएगा।’’

    गृह मंत्री ने कहा कि हिंदी दिवस हिंदी को संपर्क भाषा, आम भाषा, तकनीकी भाषा और अब अंतरराष्ट्रीय भाषा बनाने का संकल्प लेने का अवसर है।

    उन्होंने कहा, ‘‘हम हिंदी को राजभाषा के रूप में मान्यता मिलने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हीरक जयंती मना रहे हैं। हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार करके और हिंदी के माध्यम से देश की सभी स्थानीय भाषाओं को जोड़कर हम अपनी संस्कृति, भाषाओं, साहित्य, कला एवं व्याकरण के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’

    शाह ने कहा कि हिंदी भू-राजनीतिक भाषा से अधिक भू-सांस्कृतिक भाषा है।

    उन्होंने कहा कि उनके दोनों मंत्रालयों- गृह और सहकारिता की फाइल के माध्यम से सभी संचार हिंदी में किए जाते हैं।

     

     

     

    शाह ने कहा, ‘‘इस स्तर तक पहुंचने में तीन साल लगे।’’

    इससे पहले, शाह ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान सभा की भावना यह थी कि देश के सभी नागरिकों को एक-दूसरे के साथ किसी भारतीय भाषा में संवाद करना चाहिए, चाहे वह हिंदी हो, तमिल हो, तेलुगु हो, मलयालम हो या गुजराती हो।

    उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘हिंदी को मजबूत करने से ये सभी भाषाएं भी लचीली एवं समृद्ध बनेंगी तथा एकीकरण किए जाने पर ये सभी भाषाएं हमारी संस्कृति, इतिहास, साहित्य, व्याकरण और संस्कार को भी आगे ले जाएंगी।’’

    गृह मंत्री ने कहा कि इस वर्ष हिंदी दिवस सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि 14 सितंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने हिंदी को संघ की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया था और तब से 75 साल हो गए हैं तथा देश इस साल राजभाषा की हीरक जयंती मनाने जा रहा है।

    उन्होंने कहा, ‘‘हिंदी ने 75 वर्ष में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं लेकिन इस मोड़ पर मैं निश्चित रूप से यह बात कह सकता हूं कि हिंदी की किसी स्थानीय भाषा से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है और वे एक-दूसरे की पूरक हैं। चाहे वह गुजराती हो, मराठी हो, तेलुगु हो, मलयालम हो, तमिल हो या बांग्ला हो, हर भाषा हिंदी को मजबूत करती है और हिंदी हर भाषा को मजबूत करती है।’’

    शाह ने कहा कि अगर हिंदी आंदोलन को गौर से देखा जाए तो चाहे वह चक्रवर्ती राजगोपालाचारी हों, महात्मा गांधी हों, सरदार वल्लभभाई पटेल हों, लाला लाजपत राय हों, नेताजी सुभाष चंद्र बोस हों या आचार्य जे बी कृपलानी हों, ये सभी गैर हिंदी भाषी क्षेत्रों से आए थे।

    उन्होंने कहा कि एन गोपालस्वामी आयंगर और के एम मुंशी के नेतृत्व में गठित समिति ने हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में मान्यता देने और हिंदी एवं हमारी सभी अन्य भाषाओं को मजबूती देने के लिए संविधान सभा को एक रिपोर्ट पेश की थी। शाह ने कहा, ‘‘ये दोनों नेता गैर-हिंदी भाषी क्षेत्रों से थे।’’

    गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्ष में हिंदी और स्थानीय भाषाओं को मजबूत करने के लिए काफी काम किया गया है।

    उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी ने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गर्व के साथ हिंदी में लोगों को संबोधित किया है और देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में हिंदी के महत्व को सामने रखा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने देश की भाषाओं के प्रति गौरव की भावना भी बढ़ाई है। इन 10 वर्ष में हमने कई भारतीय भाषाओं को मजबूत करने के लिए काफी प्रयास किए हैं।’’

    शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नयी शिक्षा नीति के तहत मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा प्रदान करने को महत्वपूर्ण स्थान देकर हिंदी और सभी भारतीय भाषाओं को नया जीवन दिया है।

    उन्होंने कहा कि सरकार ने इन 10 साल में एक उपकरण ‘कंठस्थ’ विकसित किया है।

     

     

     

     

    गृह मंत्री ने कहा, ‘‘हमने पिछले 10 साल में संसदीय राजभाषा समिति की चार रिपोर्ट प्रस्तुत की हैं और सरकारी कामकाज में हिंदी को प्रमुखता से स्थापित करने का काम किया है।’’

    शाह ने कहा कि राजभाषा विभाग हिंदी से आठवीं अनुसूची में सूचीबद्ध सभी भाषाओं में अनुवाद के लिए एक पोर्टल भी ला रहा है, जिसके माध्यम से कृत्रिम मेधा का उपयोग करके बहुत ही कम समय में किसी भी पत्र या भाषण का सभी भाषाओं में अनुवाद किया जा सकेगा।

    गृह मंत्री ने कहा कि इससे हिंदी और स्थानीय भाषाएं बहुत मजबूत होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी भाषाएं दुनिया की सबसे समृद्ध भाषाओं में से हैं। हिंदी हमें और हमारी सभी भाषाओं को जोड़ती है।’’

    शाह ने सभी देशवासियों से अपील की कि वे हिंदी दिवस पर हिंदी एवं स्थानीय भाषाओं को मजबूत बनाने का संकल्प लें और राजभाषा विभाग के इस कार्य में सहयोग दें।

    इससे पहले, शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘समस्त देशवासियों को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’’

    उन्होंने कहा, ‘‘सभी भारतीय भाषाएं हमारा गौरव भी हैं और विरासत भी, जिन्हें समृद्ध किए बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते। राजभाषा हिंदी का हर भारतीय भाषा के साथ अटूट रिश्ता है। इस साल हिंदी भाषा ने देश की राजभाषा के रूप में जनसंवाद व राष्ट्रीय एकता के 75 वर्ष पूरे किए हैं।’’

    शाह ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि सभी भारतीय भाषाओं को एक साथ लेकर राजभाषा हिंदी विकसित भारत के संकल्प को चरितार्थ करने की दिशा में निरंतर अपना योगदान देती रहेगी।’’

    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Previous Articleप्रधानमंत्री मोदी 15 से 17 सितंबर तक झारखंड, गुजरात, ओडिशा का दौरा करेंगे
    Next Article अंतिम सांस ले रहे झारखंड भाजपा को ऑक्सीजन देने आ रहे हैं मोदी : सुधीर कुमार पप्पू

    Related Posts

    साकची में स्टेट टास्क फोर्स ऑन टीबी की बैठक, उन्मूलन को लेकर बनी रणनीति

    May 26, 2026

    चर्चित हत्या कांड में फरार चार आरोपियों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

    May 26, 2026

    पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

    May 26, 2026

    Comments are closed.

    अभी-अभी

    साकची में स्टेट टास्क फोर्स ऑन टीबी की बैठक, उन्मूलन को लेकर बनी रणनीति

    चर्चित हत्या कांड में फरार चार आरोपियों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार

    पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

    जुगसलाई यूनिक कलेक्शन फायरिंग कांड का खुलासा, मनीष सिंह गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार

    एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में सोलर बैटरी में लगी आग, मची अफरा-तफरी

    मनपीटा तालाब में डूबने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मातम

    पीएम आवास के लाभुक फिर पहुंचे सरयू राय के पास, 31 मई तक चाबी नहीं मिलने पर अनशन की चेतावनी

    जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक लड़ेगी जदयू, बिहार मॉडल पर विकास का आह्वान

    उपायुक्त ने किया ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

    अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, तीन हाईवा और एक ट्रैक्टर जब्त

    Facebook X (Twitter) Telegram WhatsApp
    © 2026 News Samvad. Designed by Cryptonix Labs .

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.