सीतारामडेरा में चोरी की वारदातों का खुलासा, पांच शातिर चोर गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में हुई चोरी की वारदातों में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों पर घरों और दुकानों में चोरी करने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों में गुर्जर मछुआ, गौरव मुश्या उर्फ चौधरी मछुआ, छोटू मछुआ, सोनू मछुआ और गणेश मछुआ शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। ये चोरी, लूट समेत अन्य आपराधिक मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस ने इनके पास से एक सिलाई मशीन, लोहे की रॉड, अन्य लोहे के औजार, गैस सिलेंडर, जैक सहित कई चोरी के सामान और औजार बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।


