परसुडीह में कांग्रेस नेता की कपड़ा दुकान में चोरी, 40 हजार का नुकसान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहाल इलाके में चोरों ने कांग्रेस के पश्चिमी कालीमाटी पंचायत अध्यक्ष ताहिर मलिक की कपड़ा दुकान ‘एसके फैशन गारमेंट्स’ को निशाना बनाया। घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है, जब चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर नकदी और कपड़े चुरा लिए।
चोरों ने पहचान छिपाने के लिए बगल की दुकान के सीसीटीवी कैमरे का रुख ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिसकी फुटेज में कैमरा हिलता हुआ नजर आ रहा है। सुबह दुकान खोलने पहुंचे ताहिर मलिक को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी।
दुकानदार के अनुसार चोर करीब 30 से 40 हजार रुपये के कपड़े और कुछ नकद ले गए हैं। इस मामले में थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और अन्य सुराग तलाशे जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

