जमशेदपुर में बढ़ते अपराध से दहशत, कानून-व्यवस्था पर सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी, छीनतई, अड्डेबाजी और नशाखोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से आमजन में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही कई संवेदनशील क्षेत्रों में असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, जिससे नागरिकों, व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चौक-चौराहों, बाजारों और आवासीय इलाकों में खुलेआम नशाखोरी और अड्डेबाजी हो रही है। नशे में धुत युवकों द्वारा राहगीरों से छीनतई, दुकानों में चोरी और महिलाओं से बदसलूकी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सामाजिक शांति प्रभावित हो रही है।
इन हालात को लेकर जनता दल यूनाइटेड सहित नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रमुख मांगों में अपराध-प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, नशे के कारोबारियों पर नियमित छापेमारी, नशाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी और थानों की सक्रियता बढ़ाने की अपील शामिल है।
शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द कठोर कदम उठाकर जमशेदपुर की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

