टाटा मोटर्स गेट पर 24 घंटे बाद खत्म हुआ आंदोलन, आश्वासन के बाद माने प्रदर्शनकारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में टाटा मोटर्स के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थानीय युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार को 24 घंटे बाद समाप्त हो गया। प्रदर्शनकारियों ने डीएलसी अरविंद कुमार से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद धरना खत्म करने का फैसला लिया। धरना खत्म होते ही कंपनी प्रबंधन ने भी राहत महसूस की।

मंगलवार को बंटी सिंह गुट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थकों ने कंपनी गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान मुख्य गेट को जाम कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित हुई और काफी दिक्कतें सामने आईं। बाद में सभी प्रदर्शनकारी वहीं बैठकर धरना देने लगे और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग पर अड़े रहे।
इस आंदोलन को आईआईटीयूसी के नेता अंबुज ठाकुर का भी समर्थन मिला, जिससे प्रदर्शन को मजबूती मिली। बाद में प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की पहल पर वार्ता हुई। डीएलसी द्वारा सकारात्मक कदम उठाने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन वापस ले लिया। अब सभी की निगाहें इस आश्वासन के अमल पर टिकी हैं।

