राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/आदित्यपुर में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जन-जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें गीता थिएटर के युवा कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का प्रभावशाली संदेश दिया। नगर विकास एवं आवास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जुगसलाई, आदित्यपुर, कपाली और मानगो क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने गीत, नारे और अभिनय के जरिए ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण के खतरों से छात्रों को अवगत कराया तथा ‘धरती को बचाने’ का आह्वान किया। इस दौरान कचरे के सही निस्तारण, सूखे-गीले कचरे को अलग रखने और ‘जीरो वेस्ट’ की अवधारणा पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी के जरिए विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया और अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को खासा प्रभावित किया, वहीं विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे व्यवहारिक शिक्षा का सशक्त माध्यम बताया।

