एक्सएलआरआई में 48वीं वार्षिक बैठक व अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ, राज्यपाल ने किया उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में 48वीं वार्षिक बैठक एवं तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया।
“एनवायरनमेंटल म्यूटाजेनेसिस एंड एपिजेनोमिक्स इन रिलेशन टू ह्यूमन हेल्थ” विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश से आए वैज्ञानिक, शोधकर्ता और शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, औद्योगिकीकरण और बदलती जीवनशैली का मानव स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है, ऐसे में पर्यावरण और स्वास्थ्य के बीच संतुलन पर केंद्रित शोध अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शोधकर्ताओं से अपने अनुसंधान को समाजोपयोगी बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान पर्यावरणीय म्यूटाजेनेसिस और एपिजेनोमिक्स के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में तकनीकी सत्र, शोध पत्र प्रस्तुतियां और पैनल चर्चाएं आयोजित होंगी, जो मानव स्वास्थ्य से जुड़े भविष्य के शोध को नई दिशा देंगी।

