जमशेदपुर में बनेगा किन्नरों के आराध्य का पहला भव्य मंदिर, पप्पू सरदार ने की 51 हजार की मदद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर के किन्नर समुदाय ने अपने आराध्य देवता का भव्य मंदिर निर्माण करने का निर्णय लिया है। कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर मंदिर निर्माण की विधिवत शुरुआत की गई। इस मौके पर माधुरी दीक्षित के प्रशंसक पप्पू सरदार ने 51 हजार रुपये का सहयोग देकर पहल को विशेष समर्थन दिया।
किन्नर समाज की प्रमुख अमरजीत किन्नर ने बताया कि झारखंड में किन्नरों के आराध्य का यह पहला मंदिर जमशेदपुर के शास्त्री नगर में बन रहा है, जो अपनी भव्यता और विशेषता के लिए अद्वितीय होगा। उन्होंने पप्पू सरदार और बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि मंदिर के शिलापट्ट पर माधुरी दीक्षित की तस्वीर भी लगाई जाएगी।
वहीं, पप्पू सरदार ने कहा कि यह सहयोग उन्होंने अपनी बहन माधुरी दीक्षित के नाम पर दिया है और इसे उनके प्रति श्रद्धा का प्रतीक माना। किन्नर समाज ने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चलाया जाएगा और अगले वर्ष इसके उद्घाटन की संभावना जताई गई है।

