उपायुक्त की पहल से समाप्त हुआ पूर्व पार्षदों का आमरण अनशन
आदित्यपुर नगर निगम की मनमानी के खिलाफ शुरू हुआ था आंदोलन, प्रशासन ने दिया आश्वासन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। आदित्यपुर नगर निगम की मनमानी के खिलाफ शनिवार से शुरू हुआ पूर्व पार्षदों का आमरण अनशन आखिरकार उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की पहल पर समाप्त हो गया। उपायुक्त ने आंदोलनरत पार्षदों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने और कुछ मांगों को तत्काल स्वीकृति देने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने वार्ड 17 के बहुप्रतीक्षित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण की मांग को मंजूरी देने की घोषणा की। साथ ही कहा कि अन्य पार्षदों की मांगों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन अचानक इतना बड़ा कदम उठाना उचित नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों का मान-सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी अधिकारी द्वारा अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में किसी पदाधिकारी के खिलाफ ऐसी शिकायत मिलती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, उपायुक्त के संदेश के बाद उपनगर आयुक्त पारुल सिंह अनशन स्थल पहुंचीं और आंदोलनरत पार्षदों से मुलाकात की। बातचीत के बाद पूर्व पार्षदों ने अपना आमरण अनशन समाप्त करने की घोषणा की।
पूर्व पार्षदों ने उपायुक्त और उपनगर आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया, साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक बार फिर उनकी मांगों की अनदेखी की गई या वादाखिलाफी हुई, तो वे दोबारा आमरण अनशन पर बैठेंगे।

