बाहा पर्व को लेकर ग्रामीणों में उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।प्रखंड के विभिन्न गांवों में तीन दिवसीय बाहा पर्व शनिवार से शुरू हो गया। इस अवसर पर गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत मुड़कुम, रुपचा, मुरूमडीह, पिंड्राबेड़ा समेत कई गांवों में पारंपरिक रीति रिवाज से इस पर्व का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रथम दिन शनिवार को जाहेरथान की साफ सफाई तथा शुद्धिकरण की गई जिसमें काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पर्व के दूसरे दिन रविवार को विधि विधान के साथ धूमधाम से बाहा बोंगा का आयोजन किया जाएगा। इसमें पूरे गांव के ग्रामीण शामिल होकर पारंपरिक पूजा अर्चना करेंगे। तत्पश्चात, अंतिम दिन सोमवार को सेंदरा जुलूस निकालकर पानी की होली खेलकर पर्व का समापन होगा। इस पर्व को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है।

