उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ेगा, कई राज्यों में बारिश का अनुमान
नई दिल्ली. उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि मैदानों में अब तक कड़ाके की ठंड का अनुभव नहीं हुआ है, लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ने और बारिश होने की संभावना जताई है। 8 दिसंबर 2024 से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दिखेगा। इसका असर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में ठंड और बारिश के रूप में महसूस किया जाएगा।
दिल्ली-एनसीआर में अब तक ठंड से राहत थी, लेकिन IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। 8 दिसंबर को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। बारिश के बाद ठंडी हवाएं कंपकंपी बढ़ा सकती हैं।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 7-9 दिसंबर के बीच घना कोहरा छाने का अनुमान है, जो सुबह दृश्यता को प्रभावित कर सकता है। हल्की बारिश और तेज ठंडी हवाओं से तापमान में और गिरावट हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश की संभावना है। ठंड के साथ-साथ इन इलाकों में तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं।
पूर्वी भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। मध्य भारत में तापमान स्थिर रहने की संभावना है।ठंड और कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश और कोहरे के कारण परिवहन और दैनिक जीवन पर असर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में बढ़ती ठंड के मद्देनजर गर्म कपड़ों का इस्तेमाल और बचाव के उपाय अपनाना जरूरी है।