क्रिसमस के दिन गम्हरिया ब्लॉक परिसर में बछड़े का कटा सिर मिलने से बवाल, विहिप जिला अध्यक्ष भड़के, बीडीओ के ड्राइवर पर गुमराह करने का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में क्रिसमस के दिन बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे इस घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास के नेतृत्व में संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जोरदार विरोध दर्ज कराया। विहिप नेताओं ने इसे आस्था पर सीधा प्रहार बताते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डॉ. जे. एन. दास ने कहा कि गम्हरिया ब्लॉक परिसर के आसपास गोपालकों की बस्ती है और ऐसे स्थान पर खुलेआम बछड़े का सिर फेंकना हिंदू समाज को खुली चुनौती देने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो विश्व हिंदू परिषद बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी। घटना की सूचना के बाद मौके पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पंचनामा कर पशु के अवशेष को कोटेश्वर में विधिवत दफना दिया।
वहीं मौके पर मौजूद विहिप कार्यकर्ता मंगल ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे घटना की जानकारी लेने पहुंचे तो वहां गम्हरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) का ड्राइवर अर्जुन महतो मौजूद था। आरोप है कि उसने मामले को गुमराह करने की कोशिश करते हुए किसी भी तरह की घटना से इनकार कर दिया और कहा कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है। मंगल के अनुसार, जब जिला अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को दोबारा बुलाया गया तो वह भागकर कमरे में छुप गया। इस रवैये से संगठन के लोग और अधिक आक्रोशित हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं इस घटना ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक तनाव और प्रशासनिक भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

