स्वर्णरेखा नदी में डूबे 12 वर्षीय छात्र का मिला शव, विधायक पूर्णिमा साहू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर बंधाया ढांढस
प्रशासनिक लापरवाही पर जताई नाराजगी, एनडीआरएफ की स्थायी नियुक्ति की मांग की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर जोन नंबर- 4 निवासी कमल कालिंदी के 12 वर्षीय पुत्र अंकुश कालिंदी की 26 जनवरी की दोपहर बारीडीह स्थित भोजपुर कॉलोनी घाट पर स्वर्णरेखा नदी में डूबने से हुई दर्दनाक मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है। इस घटना में शुरुआत से सक्रिय रहीं विधायक पूर्णिमा साहू बुधवार को पुनः घटनास्थल पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर बच्चे की मां एवं परिजनों को ढांढस बंधाया। बुधवार को इंस्पेक्टर धीरज कुमार के नेतृत्व में रांची से पहुंची एनडीआरएफ की 30 सदस्यीय टीम एवं स्थानीय मछुआरों के संयुक्त प्रयास से घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर आगे बच्चे का पार्थिव शरीर बरामद किया गया। विधायक पूर्णिमा साहू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा की पहल प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नदी, तालाब और अन्य जोखिम भरे स्थानों से दूर रखें और उनपर निगरानी रखें।
इस घटना पर विधायक पूर्णिमा साहू प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता पर आक्रोशित नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से पूर्व में जिले में 30 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम की स्थायी नियुक्ति की गई थी, लेकिन इस घटना में एनडीआरएफ को रांची से बुलाना पड़ा।

