समय कंस्ट्रक्शन के विवाद को लेकर बढ़ा तनाव, राजेश सिंह के बाद अनूप रंजन ने भी दी धमकी की शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:साकची थाना क्षेत्र में पार्टनरशिप विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव गहराता जा रहा है। पहले पक्ष के राजेश सिंह द्वारा दर्ज प्राथमिकी के बाद अब दूसरे पक्ष के अनूप रंजन ने भी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने धमकी मिलने की बात कही है और अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है।

अनूप रंजन, जो बिरसानगर ज़ोन नंबर-6, रोड नंबर-18 के निवासी हैं, ने अपने आवेदन में बताया है कि 15 जुलाई 2025 को लगभग 10:30 बजे वे साकची स्थित ‘समय कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड’ के कार्यालय में बैठे थे। उसी दौरान कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और जबरन कार्यालय में घुसने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

अनूप रंजन के अनुसार, विवादित मामला पहले से ही न्यायालय में मामला विचाराधीन है। इसके बावजूद दबाव बनाकर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह पूरा मामला एक पार्टनरशिप विवाद से जुड़ा है और राजेश सिंह द्वारा पहले से दर्ज की गई शिकायत के जवाब में उन्होंने यह आवेदन दिया है, ताकि सच्चाई सामने आ सके बहरहाल पूरे मामले की जांच साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा खुद कर रहे हैं उन्होंने जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कही है



