साहेबपुरकमाल में तेजस्वी यादव की जनसभा, कहा- गूंगी बहरी सरकार बदलनी है:तेजस्वी यादव
राष्ट्र संवाद ब्यूरो
साहेबपुरकमाल (बेगूसराय): भुजंगी उषा महाविद्यालय के मैदान में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसान-मजदूरों की यात्रा है और इस बार जनता को लालटेन को जीताकर भेजना है। तेजस्वी ने कहा, “बिहार में पढ़ाई, कमाई, सिंचाई, दवाई और कार्रवाई वाली सरकार चाहिए। वर्तमान सरकार घूसखोरी, महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ावा दे रही है।”
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर हर हाथ को काम और पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज को बांटना चाहती है, जबकि अपराध और शराबबंदी की आड़ में सरकार खजाने की लूट करवा रही है।
उन्होंने जनता से अपील की कि साहेबपुरकमाल सहित बेगूसराय की सातों विधानसभा सीटें महागठबंधन को जिताना जरूरी है, ताकि बिहार में न्याय और विकास की सरकार बन सके।
मंच पर सांसद संजय यादव, सांसद अभय कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, विधायक राजवंशी महतो, पूर्व विधायक बोगो सिंह, राष्ट्रीय महासचिव संजू प्रिया, विधान परिषद सदस्य उर्मिला ठाकुर, जिलाध्यक्ष मोहित यादव समेत कई नेता उपस्थित रहे।

