मोहरदा जलापूर्ति फेज-3 को तकनीकी स्वीकृति, साकची-एग्रिको फ्लाईओवर को सैद्धांतिक मंजूरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र के लिए राहतभरी खबर है। मोहरदा जलापूर्ति योजना के फेज-3 के तहत जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) की क्षमता बढ़ाने के लिए 50 एमएलडी क्षमता के नए इंटेक वेल निर्माण को झारखंड सरकार ने 67.36 करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि पर तकनीकी स्वीकृति दे दी है। राशि निर्गत होते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्न के जवाब में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से शहर की बड़ी आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उल्लेखनीय है कि मोहरदा जलापूर्ति योजना का पुनर्जीविकरण, जीर्णोद्धार, संचालन एवं रख-रखाव पीपीपी मोड में किया जा रहा है, जिसमें 60 प्रतिशत व्यय जुस्को लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) तथा 40 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी।
इसी क्रम में, साकची से एग्रिको तक प्रस्तावित फ्लाईओवर को भी सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि टाटा स्टील लिमिटेड से एनओसी प्राप्त होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विधायक ने कहा कि साकची क्षेत्र में भारी वाहनों और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण जाम की समस्या बनी रहती है, फ्लाईओवर बनने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
इन दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति से जमशेदपुर में स्वच्छ जलापूर्ति और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है।

