JFC बंद होने पर टाटा स्टील की सफाई, कहा- रणनीतिक फैसला, वित्तीय गड़बड़ी से कोई संबंध नहीं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (JFC) के संचालन को बंद किए जाने के फैसले पर टाटा स्टील ने पहली बार आधिकारिक सफाई दी है। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदररामम ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह रणनीतिक है और इसका किसी भी वित्तीय अनियमितता या आर्थिक गड़बड़ी से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में शुरू हुए जेएफसी पर अब तक करीब 320 करोड़ रुपये का निवेश किया गया। अब कंपनी का फोकस ग्रासरूट फुटबॉल और युवा प्रतिभाओं को तैयार करने पर रहेगा। टाटा स्टील ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुबंधित खिलाड़ियों को उनके अनुबंध के अनुसार पूरा भुगतान किया जाएगा और उन्हें अन्य क्लबों में अवसर दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा। साथ ही कंपनी ने भरोसा दिलाया कि जमशेदपुर में फुटबॉल के विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

