टाटा मोटर्स द्वारा गुणवत्ता माह पर ‘थिंक डिफरेंटली’ थीम के साथ वॉकथॉन का सफल आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स द्वारा रविवार 16 नवंबर 2025 को सुमंत मूलगौकर स्टेडियम, टेल्को में सुबह 5.30 बजे 5 किलोमीटर वॉकथॉन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्वालिटी हेड श्री प्रमोद भुरे ने किया। यह आयोजन गुणवत्ता माह के तहत Q.A., टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड, जमशेदपुर द्वारा “थिंक डिफरेंटली” थीम पर आधारित था, जिसका उद्देश्य नवाचार, सामुदायिक स्वास्थ्य और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना था।
मुख्य अतिथि के रूप में टाटा मोटर्स के प्लांट हेड श्री सुनील तिवारी मौजूद थे। उनके साथ टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष श्री शशि भूषण प्रसाद, महाप्रबंधक श्री जीवराज संधू और यूनियन सचिव आर.के. सिंह की उपस्थिति में फ्लैग होस्टिंग कर वॉकथॉन की शुरुआत की गई।
सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु डॉक्टर चिन्मय रॉय और डॉ. आयुष ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। श्री भुरे के समन्वय में आयोजित इस वॉकथॉन में कर्मचारियों, उनके परिजनों, सप्लायर प्रतिनिधियों, छात्रों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कुल 850 प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की वॉकथॉन पूरी की, जिसमें लगभग 70 सप्लायर प्रतिनिधि भी शामिल थे। वॉकथॉन का उद्देश्य विविध पृष्ठभूमि के लोगों को एक साथ जोड़ना, गुणवत्ता को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में समझना, संवेदनशील जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मूल्यों पर चिंतन को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की सफलता ने टाटा मोटर्स की गुणवत्ता, सामुदायिक कल्याण और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया।

