जुबिली पार्क से विद्युत सज्जा का शुभारंभ, टाटा समूह के संस्थापक दिवस की हुई भव्य शुरुआत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा समूह ने अपने संस्थापक दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत सोमवार को ऐतिहासिक जुबिली पार्क से कर दी। टाटा संस के चेयरमैन डॉ. एन. चंद्रशेखरन ने विद्युत सज्जा का उद्घाटन किया, जिसके साथ ही पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। मुख्य समारोह 3 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

विद्युत सज्जा के उद्घाटन के अवसर पर जुबिली पार्क में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। रोशनी से सजा पार्क और आसपास का इलाका आकर्षण का केंद्र बना रहा।
मीडिया से बातचीत में टाटा संस के चेयरमैन डॉ. एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा समूह झारखंड के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हुए समझौते के तहत समूह राज्य में बड़े निवेश की योजना पर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

डॉ. चंद्रशेखरन ने जमशेदपुर सहित झारखंडवासियों को संस्थापक दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से विद्युत सज्जा का आनंद उठाने की अपील की।

इस अवसर पर टाटा समूह के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संस्थापक दिवस को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है।

