तुलसी भवन में “कथा मंजरी” का सफल आयोजन, छह साहित्यकारों की जयंती पर श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन द्वारा प्रयाग कक्ष में मासिक “कथा मंजरी” सह हिन्दी साहित्य के छह प्रमुख साहित्यकारों की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्य समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. यमुना तिवारी व्यथित ने की, जबकि संचालन सह सचिव श्रीमती नीता सागर चौधरी ने किया।
दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जैनेन्द्र कुमार, मोहन राकेश, वृंदावन लाल वर्मा, शमशेर बहादुर सिंह, रांगेय राघव एवं जयशंकर प्रसाद के साहित्यिक योगदान पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र “कथा मंजरी” में 11 कथाकारों द्वारा विविध विषयों पर आधारित कहानियों का पाठ किया गया, जिन पर अध्यक्षीय टिप्पणी डॉ. यमुना तिवारी ने की। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्री सुरेश चंद्र झा ने किया। समारोह में तुलसी भवन के पदाधिकारी, साहित्यकार एवं बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।

