सोशल मीडिया के चक्कर में जान जोखिम में, जेल पहुंचे स्टंटबाज़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मोतिहारी सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए आजकल के युवक और युवती कुछ भी करने को तैयार रहती हैं। ताजा मामला मोतिहारी का है जहां सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दो मोटरसाइकिल पर सवार युवक एन एच 27 पर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। जिसमें वह चलती मोटरसाइकिल पर खड़े होकर बाइक चला रहे हैं साथ ही तेजी से अगल-बगल से बड़ी गाड़ियां निकल रही है। लेकिन उन्हें अपनी जान की कोई परवाह नहीं है उन्हें तो बस सोशल मीडिया पर वायरल होना है। जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर दोनों युवकों को धर दबोचा और उन्हें जेल भेज दिया।

एक युवक राहुल कुमार जो पिपरा कोठी थाना का रहने वाला है और दूसरा युवक विवेक कुमार जो शहर के छोटा बरियारपुर छतौनी थाना का रहने वाला है दोनों युवकों ने अपने जान की बाजी लगाते हुए बाइक पर खड़े होकर स्टंट दिखाने शुरू कर दिया। तस्वीरों में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे ये दोनों युवक एक दूसरे का हाथ पकड़ कर और हैंडल छोड़कर बाइक चला रहे हैं साथ ही इनके गाड़ी के साथ-साथ ही एक 112 की पुलिस गाड़ी भी चल रही है लेकिन उस समय 112 की टीम ने उन दोनों को रोकना मुनासिब नहीं समझा। लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जिले के तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने इन दोनों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया जिसके बाद यह दोनों पकड़े गए और दोंनो को जेल की हवा खानी पड़ी

