इसरो शैक्षणिक भ्रमण से लौटीं छात्राओं ने उपायुक्त से की मुलाकात, साझा किए प्रेरणादायी अनुभव

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री, झारखंड की प्रेरणा से इसरो के शैक्षणिक भ्रमण पर गई पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की 28 छात्राओं का दल आज उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी से मिला। उपायुक्त आवास में आयोजित सहभोज कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने तीन दिवसीय यात्रा के अपने प्रेरणादायी अनुभव साझा किए और इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री एवं उपायुक्त के प्रति गहरी कृतज्ञता प्रकट की।

छात्राओं ने बताया कि उनके लिए यह अनुभव अद्वितीय और अविस्मरणीय रहा। पहली बार हवाई यात्रा करना, अपने जिले से बाहर दूसरे राज्य जाना, एयरपोर्ट व फ्लाइट का अनुभव लेना और विज्ञान, तकनीक, कला एवं संस्कृति की धरोहरों से रूबरू होना उनके लिए बेहद खास रहा। श्रीहरिकोटा स्थित इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में वैज्ञानिकों के कार्य और उपग्रह प्रक्षेपण की प्रक्रिया को देखना उनके लिए सबसे रोमांचक पल साबित हुआ। चेन्नई के महाबलीपुरम, संग्रहालय, रेलवे म्यूजियम, एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम तथा आर.एम.के. इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग का भ्रमण छात्राओं के लिए अत्यंत शैक्षणिक और प्रेरणादायी रहा।
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने छात्राओं के अनुभव सुनकर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि छात्राओं के सपनों को नई दिशा देने वाला अवसर है। विज्ञान, संस्कृति और तकनीक का यह अनुभव उन्हें आत्मविश्वासी बनाएगा और जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, डीटीओ श्री धनंजय, निवर्तमान कार्यपालक दंडाधिकारी सह डीटीओ दुमका श्री मृत्युंजय कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती नेहा संजना खलखो, डीईओ श्री मनोज कुमार, डीएसई श्री आशीष कुमार सहित छात्राओं के दल के साथ गए शिक्षक एवं अन्य उपस्थित रहे।

