जाम में फंसे, पर अंतिम दर्शन से पीछे नहीं हटे — बाइक से 7 किलोमीटर चलकर नेमरा पहुंचे अर्जुन मुंडा और सुदेश महतो
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची:झारखंड के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए आज प्रदेशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु नेमरा पहुंचे। भीड़ और भारी ट्रैफिक जाम के बावजूद श्रद्धांजलि देने वालों का हौसला कम नहीं हुआ।
इसी बीच एक दृश्य ने सबका ध्यान खींचा, जब पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो भी ट्रैफिक जाम के कारण अपने वाहन छोड़ने को मजबूर हुए। लेकिन अंतिम दर्शन से पीछे न हटते हुए, दोनों नेता करीब 7 किलोमीटर तक बाइक से सफर कर नेमरा पहुंचे।

भीड़ और अव्यवस्था के बावजूद, उनके इस भावुक और दृढ़ संकल्प से भरे कदम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। लोगों ने इसे “गुरुजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और समर्पण का प्रतीक” बताया।
नेताओं ने नेमरा पहुंचकर गुरुजी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि,
“गुरुजी ने झारखंड की आत्मा को आवाज दी थी, उनका जाना अपूरणीय क्षति है।”

भीड़ और अव्यवस्था के बावजूद, श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह बना रहा, और यह दृश्य एक बार फिर साबित कर गया कि नेताओं से लेकर आमजन तक – हर कोई दिशोम गुरु के प्रति श्रद्धा से ओतप्रोत है।


